गांव की जरूरतों पर बनी सहमति, सड़क-पेयजल व नाली समेत विकास योजनाओं पर हुआ मंथन

जामताड़ा। नाला प्रखंड के टेसजुरिया पंचायत के सदर गांव टेसजुरिया में रविवार को ग्रामसभा का आयोजन किया गया। ग्रामसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 एवं 2027-28 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के तहत विभिन्न विकास योजनाओं के चयन को लेकर चर्चा की गई।
ग्रामसभा का आयोजन गांव के उर्दू स्कूल के समीप किया गया। इसकी अध्यक्षता पंचायत की ग्राम प्रधान साहिना बानु ने की। बैठक में ग्रामीणों ने गांव की मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर विकास योजनाओं में शामिल करने के लिए अपने सुझाव दिए।
ग्रामसभा के दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित कर्मियों ने गांव में आवश्यक विकास कार्यों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया। ग्रामीणों ने सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता समेत अन्य जरूरी कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग रखी। साथ ही विकास योजनाओं को लेकर ग्रामीणों से सुझाव भी लिए गए।
बैठक में ग्रामीणों की भागीदारी के आधार पर प्राथमिकता वाली योजनाओं का चयन कर उन्हें ग्राम पंचायत विकास योजना में शामिल करने की प्रक्रिया पर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने कहा कि स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाओं का चयन होने से विकास कार्यों का सीधा लाभ गांव के लोगों को मिल सकेगा।
विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर भेजने का निर्णय लिया गया। ग्रामसभा में गांव के विकास से जुड़े मुद्दों पर ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
मौके पर असगर अली, काजी अनवर, शेख नूरमान, शेख मोतिउर रहमान, शेख जसिम, सुबोध किस्कू, शेख चंचल, शेख सलमान, शेख राजीव अली शेख बाबू सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें