जामताड़ा। पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, एसडीपीओ/डीएसपी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित थे।
बैठक में लंबित कांडों के निष्पादन, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी, वारंटों के निष्पादन, साइबर अपराध पर कार्रवाई और आगामी दुर्गापूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। बताया गया कि सितंबर माह में पुलिस ने 226 वारंटों का निष्पादन किया, जबकि विभिन्न मामलों में वांछित 34 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
एसपी ने गंभीर कांडों में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा स्थायी वारंट सहित अन्य लंबित वारंटों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। जेल से हाल में बाहर आए और पूर्व में गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा उनका सत्यापन कराने को कहा।
साइबर अपराध पर नियंत्रण को लेकर संदिग्ध अपराधियों की पहचान, सूचना संकलन और गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया। वहीं, दुर्गापूजा को देखते हुए पूजा समितियों के साथ बैठक करने, संवेदनशील स्थानों की पहचान, विसर्जन मार्ग का सत्यापन और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने बैंक, एटीएम, आभूषण दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास गश्ती बढ़ाने तथा विभिन्न स्थानों पर एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाने पर जोर दिया। इसके अलावा सड़क सुरक्षा, महिला अपराध, साइबर अपराध, बाल विवाह और डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।









