हरियाणा के फतेहाबाद में 14 से 17 अक्टूबर तक आयोजित होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता, राज्य स्तरीय स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर बनाई जगह
संवाददाता, जामताड़ा। जामताड़ा की तीन प्रतिभावान बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर जिले और झारखंड का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं। जामताड़ा जिला गतका एसोसिएशन एवं सामर्थ्य सेल्फ डिफेंस एकेडमी की तीन बालिका खिलाड़ियों का चयन 10वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर एवं जूनियर गतका प्रतियोगिता-2026 के लिए झारखंड राज्य टीम में किया गया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 17 अक्टूबर तक हरियाणा के फतेहाबाद में होगा।
झारखंड टीम में चयनित खिलाड़ियों में श्रेया श्री, प्राची गुप्ता एवं प्रिंसी गुप्ता शामिल हैं। तीनों खिलाड़ियों ने 22 एवं 23 अगस्त को धनबाद में आयोजित राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की थी। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन, प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। तीनों खिलाड़ी अपने कोच मयंक पांडे के मार्गदर्शन में लगातार प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
तीनों खिलाड़ियों के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर जामताड़ा जिला गतका एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक दीपक दुबे ने अपने मार्शल आर्ट कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया। इस दौरान खिलाड़ियों को फूलमाला, चुनरी एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर दीपक दुबे ने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर जामताड़ा की तीन बेटियों का राष्ट्रीय गतका प्रतियोगिता के लिए चयनित होना हम सभी के लिए गौरव का क्षण है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जगह बनाना खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जामताड़ा जिला और झारखंड राज्य का गौरव बढ़ाएंगी।
तीनों खिलाड़ियों के चयन पर जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार सहित मधुसूदन दास, सुनील सिंह, पूजा गुप्ता, राहुल सिंह, सूरज कुमार पासवान, डॉ. भास्कर चांद, परिणीता सिंह, सोनू मल्लिक, राजकुमार वर्मा एवं रितु गौराय ने बधाई दी। सभी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने और सफलता हासिल करने के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।









