बैंकिंग जानकारी हासिल करने के लिए APK फाइल का करते थे इस्तेमाल, छापेमारी में मोबाइल, सिम और एटीएम कार्ड बरामद
जामताड़ा। साइबर ठगी के नए-नए तरीकों के बीच जामताड़ा पुलिस ने दो कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के सगापहाड़ी गांव में पुलिस की छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन, नौ सिम कार्ड, सात एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया गया। पुलिस अब बरामद सामान की जांच कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शुभ कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना की टीम ने सगापहाड़ी गांव में सड़क किनारे स्थित एक निर्माणाधीन मकान में छापेमारी की। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान सगापहाड़ी निवासी वाजिद अंसारी (32) और बरमुंडी निवासी हसबुल अंसारी (24) के रूप में हुई है।
क्रेडिट कार्ड बंद होने का देते थे झांसा
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया समेत अन्य बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों को निशाना बनाते थे। इसके बाद मोबाइल पर एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करवाकर क्रेडिट कार्ड से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल करने और उसका इस्तेमाल ठगी के लिए करने का आरोप है।
साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज
यह कार्रवाई साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। मामले में साइबर थाना कांड संख्या 69/26, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक या क्रेडिट कार्ड से जुड़ी सेवाओं के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर एपीके फाइल डाउनलोड न करें। बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से भी बचें।









