खैरा गांव में हर्षोल्लास से मनाया गया ईद मिलादुन्नबी, निकली जुलूस-ए-मोहम्मदी

नाला। नाला प्रखंड के खैरा गांव में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर गांव में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

जुलूस की शुरुआत गांव स्थित पुरानी ईदगाह से हुई। जुलूस गांव के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा और पूरे गांव का भ्रमण करने के बाद पुनः निर्धारित स्थल पर पहुंचा। इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक ने जुलूस में भाग लिया।

जुलूस के समापन के बाद सामूहिक रूप से दुआ की गई। दुआ में देश में अमन-चैन, शांति, आपसी भाईचारे और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की गई। आयोजकों ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का संदेश इंसानियत, प्रेम, शांति और आपसी सद्भाव से जुड़ा है।

पुलिस प्रशासन रहा मौजूद

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिंदापाथर थाना प्रभारी और नाला सर्किल इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी और निगरानी के बीच जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में कमेटी के अध्यक्ष शफीक अंसारी के अलावा कमेटी सदस्य असगर अली, अलमीन अंसारी, हुसैन आलम, साबिर अंसारी, सराफत अंसारी, साजिद अख्तर, आलम अंसारी, अब्दुल अंसारी, फिरदौस अंसारी, मुख्तार अंसारी, शमीम अंसारी, जैनुल आबेदीन, हबीबुल्लाह, मंसूर अंसारी और अब्दुल रज्जाक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

पूरे कार्यक्रम के दौरान धार्मिक उत्साह के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाते हुए देश और समाज में शांति एवं खुशहाली की दुआ की।

Leave a Comment

और पढ़ें