छठ पर्व को लेकर खुला कानगोई का बंद पॉकेट गेट, लोगों ने श्रमदान कर शुरू की रास्ते की सफा
राकेश लाल के अनुरोध पर चिरेका प्रशासन ने दी अस्थायी अनुमति, स्थायी रूप से खोलने की भी उठी मांग
कानगोई। छठ महापर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कानगोई स्थित हनुमान मंदिर के समीप चित्तरंजन जाने वाले पॉकेट गेट को रविवार को खोल दिया गया। लंबे समय से बंद इस रास्ते को खोलने की पहल जन सेवा पार्टी के संयोजक राकेश लाल के अनुरोध पर की गई। चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना (चिरेका) प्रशासन ने फिलहाल छठ पर्व तक आवागमन की अनुमति प्रदान की है।
गेट खुलने के बाद स्थानीय लोगों में खुशी देखी जा रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस रास्ते के चालू होने से छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में काफी आसानी होगी। वहीं, रास्ते को साफ-सुथरा और आवागमन योग्य बनाने के लिए राकेश लाल के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने श्रमदान शुरू कर दिया है। लोग मिलकर सफाई और रास्ते की मरम्मत में जुटे हैं, ताकि छठ पर्व के दौरान किसी को परेशानी न हो।
इस संबंध में राकेश लाल ने चिरेका प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फिलहाल छठ पर्व को देखते हुए गेट खोलने की अनुमति मिली है। पर्व समाप्त होने के बाद इस रास्ते को आम जनता के लिए स्थायी रूप से खोलने की मांग फिर से प्रशासन के समक्ष रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से गेट बंद रहने के कारण आसपास के मोहल्लों के निवासियों के साथ-साथ चिरेका कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कारखाना, स्कूल और अस्पताल जाने के लिए लोगों को काफी लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। इससे समय और मेहनत दोनों अधिक लगते हैं। ऐसे में इस रास्ते का स्थायी समाधान होना जरूरी है।
गेट खुलने के अवसर पर जन सेवा पार्टी के नगर अध्यक्ष पवनदेव राय, जिला प्रवक्ता छोटेलाल मंडल, सामु दास, भीम कुमार, हनुमान मंदिर कमेटी के सदस्य सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए पॉकेट गेट को स्थायी रूप से आम लोगों के आवागमन के लिए चालू रखने की मांग की।








