बिरसा मुंडा की जयंती पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अर्पित की श्रद्धांजलि
रांची। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी कल्पना सोरेन भी साथ रहीं। मुख्यमंत्री ने पुष्पचक्र अर्पित कर महान स्वतंत्रता सेनानी को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान झारखंड की पहचान, अस्मिता और स्वाभिमान से जुड़ा है। उन्होंने अपने समाज के अधिकारों तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया, वह हमेशा याद किया जाता रहेगा।
उन्होंने कहा कि धरती आबा के सपनों का झारखंड बनाना और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उनके विचारों और आदर्शों को अपने कार्यों में शामिल करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें शत-शत नमन किया।








