भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जामताड़ा पुलिस ने दी श्रद्धांजलि, उनके आदर्शों पर चलने का लियासंकल्प
जामताड़ा। झारखंड स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रविवार को जामताड़ा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, अदम्य साहस और ऐतिहासिक योगदान को याद किया। इस अवसर पर उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया गया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित कर अन्याय, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया था। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ आदिवासी समाज के अधिकारों एवं स्वाभिमान की लड़ाई में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
वक्ताओं ने कहा कि धरती आबा का संघर्ष और उनके विचार आज भी समाज को एकजुट रहने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने तथा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देते हैं। भगवान बिरसा मुंडा झारखंड की पहचान, संस्कृति और गौरव के प्रतीक हैं। उनका बलिदान राज्य के इतिहास में हमेशा याद किया जाता रहेगा।
इस मौके पर जामताड़ा पुलिस ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शांति, सुरक्षा, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के गौरवशाली इतिहास और महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भी याद किया गया।








