जामताड़ा। स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और बेहतर समाज के संकल्प के साथ रविवार को जामताड़ा के गांधी मैदान में WALKATHON 2.0 का आयोजन किया गया। मारवाड़ी युवा मंच जामताड़ा शाखा एवं समृद्धि शाखा के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित वॉकथॉन में बड़ी संख्या में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नियमित पैदल चलने, व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करना रहा। इस वर्ष अभियान की थीम “Walk Together, Thrive Together” यानी “साथ चलें, समृद्ध बनें” रखी गई। वॉकथॉन के माध्यम से फिटनेस के साथ सामाजिक एकजुटता, पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया गया।
मारवाड़ी युवा मंच जामताड़ा शाखा के अध्यक्ष जतिन परशुरामका ने कहा कि स्वस्थ शरीर व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है। वॉकथॉन का उद्देश्य केवल पैदल चलने के लिए प्रेरित करना नहीं, बल्कि लोगों को अपने स्वास्थ्य और जीवनशैली के प्रति सजग बनाना भी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत समाज और बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि WALKATHON 2.0 अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच का राष्ट्रीय अभियान है, जिसके तहत देशभर में 800 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जामताड़ा में भी सदस्यों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अभियान को सफल बनाया।
कार्यक्रम में मंच के सचिव अभिषेक डोकानियां, चंदन परशुरामका, प्रदीप अग्रवाल, कपूर नारनोलिया, विनीत गुटगुटिया, राजेश शक्सेरिया, मिंटू अग्रवाल, उमेश शास्त्री समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं समृद्धि शाखा की अध्यक्षा प्रीति अग्रवाल, सचिव खुशबू लोहारिका, नीतू परशुरामका, सुमन टिबरीवाल और केशव परशुरामका सहित बड़ी संख्या में सदस्यों ने वॉकथॉन में सहभागिता की।









