जामताड़ा।
जिले के खेल जगत और कबड्डी प्रेमियों के लिए गौरव की खबर है। जामताड़ा जिला कबड्डी संघ से जुड़े राज सोनकर का चयन नवोदय विद्यालय समिति द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में तकनीकी अधिकारी सह रेफरी के रूप में किया गया है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ी को निर्णायक की भूमिका मिलने से खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।जानकारी के अनुसार नवोदय विद्यालय समिति की ओर से आयोजित राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन जवाहर नवोदय विद्यालय, अलीपुरद्वार, पश्चिम बंगाल में 24 से 28 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के दौरान राज सोनकर तकनीकी अधिकारी एवं रेफरी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।राज सोनकर के चयन को जामताड़ा जिले में कबड्डी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। जिला कबड्डी संघ से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में तकनीकी अधिकारी के रूप में चयन होना जिले के लिए सम्मान की बात है। इससे जिले के अन्य खिलाड़ियों और खेल से जुड़े युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। जामताड़ा जिला कबड्डी संघ एवं झारखंड राज्य कबड्डी संघ के पदाधिकारियों तथा खेल प्रेमियों ने राज सोनकर को इस उपलब्धि पर बधाई दी और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। संघ के सदस्यों ने उनके सफल कार्यकाल की कामना की।उनके चयन की जानकारी राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी एवं जामताड़ा जिला कबड्डी संघ के सदस्य करन कुमार राऊत ने दी।









