मंदिर प्रांगण से फतेहपुर चौक होते हुए बाजार तक की गई सफाई, स्वच्छ और सुंदर वातावरण बनाने की अपील
फतेहपुर। शारदीय दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर फतेहपुर बाजार स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण से दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने स्वच्छता अभियान चलाया। मंदिर परिसर से शुरू हुआ यह अभियान फतेहपुर चौक होते हुए पूरे बाजार तक पहुंचा। इस दौरान समिति के सदस्यों ने बाजार की सड़कों, मंदिर परिसर और आसपास के सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
दुर्गा पूजा के दौरान मंदिरों और बाजारों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए समिति के सदस्यों ने बाजार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की पहल की। सदस्यों ने कहा कि त्योहार की वास्तविक सुंदरता तभी बढ़ती है, जब धार्मिक स्थलों के साथ-साथ आसपास का वातावरण भी साफ-सुथरा रहे। स्वच्छता अभियान के माध्यम से समाज में आपसी सहयोग, एकता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करने का प्रयास किया गया।
समिति के महासचिव मनोज गोस्वामी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का कर्तव्य है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का संकल्प ले, तो बाजार, गांव और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।
समिति के अध्यक्ष असीम मंडल ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बाजार में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती है। ऐसे में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना आवश्यक है। समिति की यह पहल धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का भी संदेश देती है।
समिति के सचिव मिंटू रॉय ने इस पहल को प्रेरणादायक बताते हुए गली-मोहल्लों में साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, ग्रामीण सह समिति के निगरानी सदस्य तिमिरमय सामंत ने कहा कि दुर्गा मंदिर प्रांगण से शुरू हुआ यह अभियान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का प्रयास है।
समिति के संरक्षक डॉ. उत्तम पंडित और अजय मेहारिया ने संयुक्त रूप से इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना के पावन अवसर पर पूजा-पाठ के साथ समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी जरूरी है।
इधर, क्षेत्र में इस वर्ष दुर्गा पूजा समिति की पहल की चर्चा हो रही है। सार्वजनिक प्रबुद्धजनों के विचार-विमर्श के बाद इस वर्ष महालया के दूसरे दिन से नवरात्र पूजा शुरू किए जाने को लेकर भी क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। समिति की इस पहल से स्वच्छ बाजार, सुंदर वातावरण और सामूहिक सहयोग का संदेश सामने आया है।
स्वच्छता अभियान में समिति के कोषाध्यक्ष सुनील मिर्धा, सुखसागर मंडल, उत्तम मंडल, युगल गोस्वामी, सिल्टू, डॉ. हरिहर मंडल, बिक्की मोदी, सुमन मंडल, सुरजीत चार, आकाश सामंत, बासु मंडल सहित समिति के अन्य सदस्यों ने योगदान दिया। समिति ने सभी सदस्यों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।









