जामताड़ा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जामताड़ा स्थित स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के आवास पर भाई-बहन के स्नेह और विश्वास की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिलाएं मंत्री आवास पहुंचीं और उन्हें राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। एक के बाद एक बहनों ने स्वास्थ्य मंत्री की कलाई पर राखी बांधी। देखते ही देखते उनकी कलाई रंग-बिरंगी राखियों से भर गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान आवास परिसर में रक्षाबंधन के उल्लास का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने भी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को राखी बांधी। उन्होंने भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते के प्रतीक पर्व पर मंत्री के स्वस्थ और सफल जीवन की कामना की।
राखी बंधवाने के बाद डॉ. इरफान अंसारी ने बहनों के स्नेह और विश्वास के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बहनों का सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है।
रक्षाबंधन के मौके पर मंत्री आवास पर उमड़ी महिलाओं की भीड़ और राखियों से सजी मंत्री की कलाई कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। भाई-बहन के प्रेम, सम्मान और विश्वास का यह पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया गया।









