जामताड़ा। समीम अंसारी
जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत सोनबाद खेल मैदान में एसएससी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्थानीय स्तर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नेशनल ह्यूमन राइट एंड जस्टिस मूवमेंट के केंद्र सचिव हाफिज एहतेशामुल मिर्जा शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में हाफिज एहतेशामुल मिर्जा ने कहा कि खेल में जीत और हार लगी रहती है। खिलाड़ियों को हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज खिलाड़ी पंचायत स्तर पर खेल रहे हैं, लेकिन यदि इसी तरह मेहनत और लगन के साथ खेलते रहे तो आने वाले समय में जिला स्तर, फिर राज्य स्तर और अंततः राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने, अनुशासन बनाए रखने और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो केवल उन्हें उचित मंच और अवसर देने की।
कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश महासचिव अकबर अंसारी एवं संगठन के सदस्य समसुल खान ने भी खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है। खिलाड़ियों को पंचायत स्तर से जिला स्तर और जिला स्तर से राज्य स्तर तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करनी चाहिए। निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर खिलाड़ी उच्च स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं।
मौके पर सोनबाद पंचायत के मुखिया निर्मल सोरेन, उपमुखिया शंकर दा, वार्ड सदस्य मथुरा दास सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन में कमेटी के हबीबुल्लाह अंसारी, मुश्ताक अंसारी, शाहरुख अंसारी, फारूक अंसारी, काशीनाथ कोल, दुलाल बाउरी, विक्रम बाउरी, शिवा कोल, जकाउल अंसारी, अनवर अंसारी, विजय था, गंधी बाउरी, तापस दा, इमामुद्दीन अंसारी, सलाउद्दीन अंसारी, आफताब अंसारी और इसाक अंसारी समेत अन्य लोगों की सक्रिय भूमिका रही। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।









