जोड़िया नदी किनारे मिले महिला के शव की हुई पहचान, फुटबॉल मैच देखने निकली थीं फूलमनी

बिंदापाथर। बिंदापाथर थाना क्षेत्र के कनकबिड़िया गांव के समीप जोड़िया नदी के किनारे शुक्रवार को मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी फूलमनी मुर्मू (52) के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, फूलमनी मुर्मू शुक्रवार को घर से फुटबॉल मैच देखने के लिए निकली थीं। मैच समाप्त होने के बाद उनके घर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन देर शाम तक वह वापस नहीं लौटीं। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित हो गए और अपने स्तर से उनकी तलाश शुरू कर दी। रिश्तेदारों और परिचितों से भी महिला के बारे में जानकारी ली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसी दौरान कनकबिड़िया गांव के समीप जोड़िया नदी किनारे महिला का शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर बिंदापाथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया।
शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण घटनास्थल पर तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी। बाद में पुलिस की जांच और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मृतका की पहचान फूलमनी मुर्मू के रूप में हुई।
मौत की वजह बनी पहेली
फूलमनी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि फुटबॉल मैच देखने के बाद महिला किस रास्ते से गईं और किन परिस्थितियों में जोड़िया नदी के किनारे पहुंचीं।
पुलिस मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Comment

और पढ़ें