नाला: रांची में आगामी 7 सितंबर को प्रस्तावित महाधरना को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को नाला प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में नाला विधानसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार दुबे ने की। वहीं जेपीसीसी सचिव सह नाला विधानसभा प्रभारी प्रभु मंडल एवं जिला उपाध्यक्ष पंकज झां समेत नाला, कुंडहित और फतेहपुर प्रखंड के पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान रांची में होने वाले धरना-प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं को संगठित तरीके से पहुंचाने, क्षेत्र में कार्यक्रम का प्रचार करने तथा आम लोगों तक आंदोलन से जुड़े मुद्दों को पहुंचाने पर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाने की अपील की।
कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार दुबे ने कहा कि कांग्रेस जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में रांची पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एमएमडीआर अधिनियम और राम मंदिर से जुड़े चंदे में कथित अनियमितता के मुद्दे को लेकर पार्टी आंदोलन कर रही है और इन विषयों को जनता के बीच मजबूती से रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। इसलिए सभी कार्यकर्ता गांव एवं पंचायत स्तर तक लोगों से संपर्क कर 7 सितंबर के कार्यक्रम में भागीदारी के लिए प्रेरित करें।
बैठक में नाला प्रखंड अध्यक्ष समर माजी, कुंडहित प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद घोष, फतेहपुर प्रखंड अध्यक्ष मो. जलालुद्दीन अंसारी के साथ गुलशन अली, तपन कुमार तिवारी, जितेंद्र नाथ मंडल, टार्जन खान, सुकुमार मंडल, धरम माजी, नरेश मुर्मू समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









