सृजन पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व

जामताड़ा। स्थानीय पालबागान स्थित सृजन पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, भक्ति और सांस्कृतिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, आदर्शों तथा प्रेम, करुणा, सत्य और कर्म के संदेश से परिचित कराना था। इस दौरान विद्यालय परिसर कृष्ण भजनों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
जन्माष्टमी समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण, राधा और गोपियों की आकर्षक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। बच्चों ने कृष्ण जन्म की झांकियों, बाल लीलाओं तथा नृत्य-नाटिका की मनमोहक प्रस्तुतियों से भारतीय संस्कृति और परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की अध्यक्षा श्रीमती सविता तिवारी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से भगवान श्रीकृष्ण के संदेश “कर्मण्येवाधिकारस्ते” से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को फल की चिंता किए बिना अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करना चाहिए।
वहीं, विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सीमा रानी ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कार, नैतिक मूल्यों, रचनात्मकता और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी गईं तथा प्रेम, शांति, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें