देवघर जाने के क्रम में जामताड़ा पहुंचीं पश्चिम बंगाल की उपमुख्यमंत्री अग्निमित्रा पॉल, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

जामताड़ा। देवघर जाने के क्रम में पश्चिम बंगाल की उपमुख्यमंत्री श्रीमती अग्निमित्रा पॉल का गुरुवार को जामताड़ा के मां चंचला चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि जामताड़ा के मां चंचला चौक पर कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए भव्य स्वागत से वह काफी प्रसन्न हैं। पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा को लेकर उन्होंने कहा कि हिंदुओं के बलिदान और संघर्ष के कारण भाजपा को बड़ी जीत मिली है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होगी और इस वर्ष पूरे बंगाल में दुर्गा पूजा भव्य एवं धूमधाम से मनाई जाएगी।
नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि पश्चिम बंगाल की उपमुख्यमंत्री का जामताड़ा की पावन भूमि पर स्वागत करना कार्यकर्ताओं के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ उनका स्वागत किया और सम्मानित किया।
भाजपा जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने कहा कि अग्निमित्रा पॉल के पहली बार जामताड़ा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद अब जीत का रथ झारखंड की ओर भी बढ़ेगा।
मौके पर जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा, जिला मंत्री आभा आर्या, पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष चंडी चरण दे, चंदन राउत, प्रवीण आनंद मिश्रा, नगर महामंत्री लखिन्द्र सिंह, नगर मंत्री ब्रजेश राउत सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Comment

और पढ़ें