फतेहपुर में चेतना विकास की पहल से बाल संरक्षण जागरूकता रथ रवाना

चेतना विकास द्वारा जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोग से जामताड़ा जिले में बाल संरक्षण को लेकर निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. जिसकी एक कड़ी के रूप में बाल विवाह की रोकथाम एवं बच्चों के अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जामताड़ा जिले में संचालित बाल संरक्षण जागरूकता रथ मंगलवार को फतेहपुर प्रखंड पहुंचा. प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रेम कुमार दास ने हरी झंडी दिखाकर रथ को विभिन्न पंचायतों के लिए रवाना किया. रथ फतेहपुर थाना पहुंची जहां थाना प्रभारी अमर सिंह तापे एवं एएसआई राजा बाबू ने इसे हरी झंडी दिखा कर आगे रवाना किया.
गौरतलब है कि इस रथ को 5 सितंबर को माननीय उपायुक्त महोदय के द्वारा हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया था; जिसके उपरांत रथ ने जामताड़ा थाना, रेलवे स्टेशन, एवं विभिन्न पंचायतों में भ्रमण करते हुए फतेहपुर पहुंची है.
जागरूकता रथ के माध्यम से पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बाल संरक्षण के विभिन्न आयाम, बच्चों के अधिकार तथा बाल विवाह की रोकथाम में समुदाय की भूमिका के बारे में जागरूक किया जा रहा है. साथ ही, लोगों को बच्चों के संरक्षण से जुडी किसी भी घटना को संबंधित अधिकारियों को देने एवं बच्चों की शिक्षा तथा सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
चेतना विकास की इस पहल को सफल बनाने में संस्था के कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. इनमें शान्ति गोपाल महतो, दामोदर प्रसाद, वरुण कुमार मंडल एवं विजय प्रसाद यादव ने अभियान के संचालन एवं जनजागरूकता गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाई.

Leave a Comment

और पढ़ें