शेख शमीम
जामताड़ा। साइबर अपराधियों के खिलाफ जामताड़ा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने नारायणपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में एक साथ कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 11 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी शंभू कुमार सिंह ने पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। मौके पर साइबर डीएसपी अमित रविदास और साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल भी मौजूद रहे।
गुप्त सूचना पर दो जगह पुलिस की दबिश
एसपी के अनुसार, साइबर ठगी से जुड़े लोगों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई। साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में गठित टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुचियाडीह में क्रेशर के पीछे जोरिया के समीप प्लास के झुरमुट में छापेमारी की। यहां से तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा।
इसी दौरान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मटटांड़ गांव में तालाब के पास स्थित आम बागान में भी छापेमारी की गई, जहां से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में तस्लीम अंसारी (20), मनाजीर अंसारी (21), अब्दुल लतीफ (27), उस्मान गनी (25) और जितेंद्र मंडल (43) शामिल हैं।
999 रुपये कैशबैक का लालच देकर बनाते थे निशाना
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को PhonePe पर 999 रुपये कैशबैक मिलने का झांसा देकर संपर्क करते थे। कैशबैक लेने की प्रक्रिया के नाम पर लोगों से अलग-अलग तरीके से जानकारी हासिल की जाती थी। इसके बाद कथित तौर पर फर्जी ऐप के जरिए प्राप्त जानकारी का इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों द्वारा SBI सहित अन्य बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी होने की बात कहकर भी लोगों को भ्रमित किया जाता था। इसके बाद उन्हें APK फाइल डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया जाता था। पुलिस का आरोप है कि इसी माध्यम से क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी को अंजाम दिया जाता था।
अभियान में अब तक 122 गिरफ्तार
एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि जनवरी 2026 से 11 सितंबर 2026 तक साइबर अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान जामताड़ा पुलिस ने 122 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस अवधि में पुलिस की कार्रवाई के दौरान 304 मोबाइल फोन, 370 सिम कार्ड, 22 एटीएम कार्ड, 7 पासबुक, 3 लैपटॉप, 3 पैन कार्ड, 14 लाख 700 रुपये नकद और 11 मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से भी अपील की जा रही है कि कैशबैक, बैंक खाता, क्रेडिट कार्ड या KYC अपडेट के नाम पर आने वाले संदिग्ध मैसेज और APK लिंक से सावधान रहें।









