जामताड़ा में पहली बार वातानुकूलित पंडाल में सजेगा गणेश महोत्सव, 20 सितंबर को होगा मेगा रक्तदान शिविर

जामताड़ा। 23वें गणेश महोत्सव को लेकर गुरुवार देर शाम गांधी मैदान में गणेश पूजा आयोजन समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता महोत्सव समिति के अध्यक्ष मुक्तराम दत्ता ने की। इस दौरान भव्य पूजा आयोजन, पंडाल निर्माण, मेला, रक्तदान शिविर समेत विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक के बाद पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि जामताड़ा के इतिहास में पहली बार गणेश महोत्सव के लिए पूरी तरह वातानुकूलित पंडाल तैयार कराया जा रहा है। इसके लिए बंगाल से सेंट्रलाइज्ड एसी मंगाया जा रहा है। समिति का उद्देश्य है कि पंडाल में गणेश भगवान के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी और उमस से राहत मिले और वे आराम से पूजा-अर्चना कर सकें।
गणेश महोत्सव के दौरान इस वर्ष भी गांधी मैदान में मेला लगाया जाएगा। मेले में जलपरी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, ब्रेक डांस समेत कई अन्य मनोरंजन के साधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
बैठक में 20 सितंबर को गांधी मैदान में मेगा रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसमें पूजा समिति के सदस्यों के साथ मेला देखने आने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। रक्तदान करने वाले लोगों को समिति की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठक में पंडाल निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। पूजा समिति ने पंडाल निर्माण करने वाली एजेंसी को निर्देश दिया कि पूजा शुरू होने से दो दिन पहले हर हाल में पंडाल निर्माण का कार्य पूरी तरह पूरा कर लिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं के लिए किसी तरह की परेशानी न हो।
इसके अलावा बैठक में धन संग्रह सहित महोत्सव की अन्य तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। समिति के सदस्यों को निर्देश दिया गया कि गणेश पूजा शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं, इसलिए तैयारियों में तेजी लाई जाए। निर्णय लिया गया कि गणेश पूजा समिति की बैठक प्रत्येक दिन रात आठ बजे गांधी मैदान में होगी।
बैठक में गणेश पूजा आयोजन समिति के काफी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। समिति ने इस वर्ष गणेश महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने की तैयारी तेज कर दी है।

Leave a Comment

और पढ़ें