अजय नदी में बह रहे अज्ञात व्यक्ति को ग्रामीणों ने बचाया ,

लगातार हो रही बारिश के कारण अजय नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसी बीच गुरुवार को पाथरघाटा घाट के समीप ग्रामीणों की तत्परता से नदी के तेज बहाव में बह रहे एक अज्ञात व्यक्ति की जान बच गई। ग्रामीणों ने जोखिम उठाकर उसे नदी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच की है। पत्थरघाट गांव के कुछ ग्रामीण नदी किनारे मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने तेज बहाव में एक व्यक्ति को बहते देखा। ग्रामीणों ने तत्काल एक-दूसरे की मदद से नदी में उतरकर उसे बाहर निकाला।
घटना की सूचना ग्राम प्रधान दीनू दास ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात व्यक्ति को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाला भेजा गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार किया गया।
पुलिस अवर निरीक्षक हेमकांत ठाकुर ने बताया कि फिलहाल व्यक्ति अपना नाम-पता बताने की स्थिति में नहीं है। उसकी पहचान के लिए पुलिस आवश्यक प्रयास कर रही है।
बचाव कार्य में ग्राम प्रधान दीनू दास, कोकिल दास, दयाल दास, जनता दास समेत अन्य ग्रामीणों ने सहयोग किया। ग्रामीणों की तत्परता से समय रहते व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें