संवाददाता चन्दन मंडल कुंडहित
कुंडहित में यज्ञ-हवन के साथ सात दिवसीय भागवत कथा का भव्य समापन
कुडहित (जामताड़ा):प्रखंड मुख्यालय स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हो गई।कथा के सातवें एवं अंतिम दिवस मंगलवार को वृंदावन धाम से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक कौस्तूब बल्लव शास्त्री महाराज ने भागवत कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कथा का विश्राम कराया।इसके पश्चात मंगलवार को महाराज के सान्निध्य में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया, जिसमें यजमानों द्वारा आहुतियां अर्पित की गईं.हवन-यज्ञ की पूर्णाहुति के उपरांत हजारों श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया गया।तत्पश्चात ग्रामीणों द्वारा खोल-करताल के साथ हरि नाम संकीर्तन करते हुए भव्य जुलूस निकाला गया, जिससे पूरा गांव भक्तिरस में सराबोर हो उठा।भागवत कथा को लेकर सात दिनों तक मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।कार्यक्रम के सफल आयोजन में बजरंगबली मंदिर के कमेटी के सदस्यों की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही, जिनके सहयोग से आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हुआ।









