छठ घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
छठ घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
जामताड़ा। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा एवं सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने अधिकारियों के साथ जामताड़ा के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खण्डेत एवं थाना प्रभारी के साथ एसडीओ तालाब, पप्पू तालाब तिलाबाद, सहाना, सरखेलडीह, राजा बांध, रानी बांध, सरकार बांध, घोष बांध तथा अजय नदी स्थित छठ घाटों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश दिया, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को मूर्ति विसर्जन के बाद मूर्तियों के अवशेष एवं पानी में तैरते कचरे को समय पर हटाकर घाटों की सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। संध्या एवं प्रातः अर्घ्य के दौरान पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराने के लिए घाटों तथा संपर्क मार्गों पर स्ट्रीट लाइट एवं अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने को कहा गया। वहीं, घाटों पर सजावट के लिए लगाए गए लाइटों को ऊंचाई पर व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया, ताकि छठ व्रतियों को घाट तक आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दलदल वाले स्थानों एवं अधिक गहराई वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग करने तथा लाल झंडा लगाने का निर्देश दिया गया। इससे अर्घ्य देने के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित रखने और किसी अप्रिय घटना से बचाव में मदद मिलेगी।
अजय नदी घाट पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया। घाट तक आवागमन सुगम बनाने के लिए जेसीबी मशीन से दो से तीन रास्ते तैयार करने तथा स्थानीय समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर नदी के ऊपरी हिस्से में वाहन पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।









