तालाब में समा गई दो मासूम जिंदगियां, भाई-बहन की मौत से दहल उठा आसनहरिया नवाडीह गां
शाम को घर से खेलने निकले थे दोनों बच्चे, तलाश के दौरान तालाब में मिले शव; परिवार की खुशियां मातम में बदलीं
जामताड़ा। हंसते-खेलते घर से निकले दो मासूम बच्चों की जिंदगी का अंत इस कदर दर्दनाक होगा, किसी ने इसकी कल्पना भी नहीं की थी। शनिवार को आसनहरिया नवाडीह गांव में आठ वर्षीय भाई और पांच वर्षीय बहन की मौत की खबर से पूरा इलाका स्तब्ध रह गया। दोनों के शव गांव के नजदीक एक तालाब से मिलने के बाद गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल कायम हो गया।
मृतकों की पहचान रोशन शेख के बेटे अब्रान शेख (8) और बेटी माहिरा खातून (5) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, शनिवार की शाम लगभग चार बजे दोनों बच्चे घर से कुछ दूरी पर आसनहरिया मोड़ के पास खेलने गए थे। काफी देर तक उनके वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों को चिंता होने लगी। पहले आसपास के घरों और गलियों में तलाश की गई, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीण भी खोजबीन में जुट गए।
इसी दौरान गांव के समीप स्थित तालाब में दोनों बच्चों के पड़े होने की जानकारी मिली। उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। यह दृश्य देखकर परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव दहल उठा। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्चों की हंसी गूंजती थी, वहां अब अपनों को खोने का असहनीय दर्द पसरा हुआ है।
अब्रान गांव के स्कूल में पहली कक्षा का विद्यार्थी था, जबकि उसकी छोटी बहन माहिरा नर्सरी में पढ़ाई कर रही थी। दोनों भाई-बहन की एक साथ मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से मर्माहत हैं।
हालांकि, दोनों बच्चे खेलते-खेलते तालाब तक कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में उनकी जान गई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। एक ही परिवार के दो बच्चों की असमय मौत ने गांव के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।









