15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, बने टी-20 क्रिकेट के सबसे युवा कप्ता
15 साल 232 दिन की उम्र में बिहार की संभाली कमान, क्रोएशिया के जैक वुकुसिच का रिकॉर्ड तोड़कर बनाया विश्व रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में ऐसा इतिहास रच दिया है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। वैभव पुरुष टी-20 क्रिकेट इतिहास के सबसे युवा कप्तान बन गए हैं। उन्होंने 15 साल और 232 दिन की उम्र में सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में बिहार टीम की कप्तानी संभालकर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।
इंदौर के होलकर स्टेडियम में शनिवार को बिहार और सौराष्ट्र के बीच खेले गए मुकाबले में वैभव ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। उन्होंने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इसके साथ ही उन्होंने क्रोएशिया के जैक वुकुसिच का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 17 साल और 311 दिन की उम्र में टी-20 टीम की कप्तानी की थी।
वैभव ने बिहार की कप्तानी मिलने को अपने लिए सपने के सच होने जैसा बताया। इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना भारतीय क्रिकेट के लिए भी गर्व की बात है।
हालांकि, कप्तानी के पहले मुकाबले में बिहार को सौराष्ट्र के हाथों पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। बिहार की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 137 रन बनाए। वैभव ने 12 गेंदों पर 18 रन की पारी खेली। जवाब में सौराष्ट्र ने 18वें ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
हार के बावजूद वैभव की ऐतिहासिक उपलब्धि ने क्रिकेट जगत में नई चर्चा छेड़ दी है। महज 15 साल की उम्र में विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले इस युवा खिलाड़ी से भारतीय क्रिकेट को आने वाले समय में बड़ी उम्मीदें हैं।








