बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा, उत्तर भारत में बदलेगा मौसम; बारिश और ठंड बढ़ने के आसार

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा, उत्तर भारत में बदलेगा मौसम; बारिश और ठंड बढ़ने के आसार

 

बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम तेजी से सक्रिय हो रहा है। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के अगले 24 घंटों में और मजबूत होने की संभावना है। मौसम के इस बदलाव से चक्रवाती तूफान विकसित होने का खतरा बढ़ गया है।

 

मौसम संबंधी पूर्वानुमान के मुताबिक, यह सिस्टम 16 नवंबर की शाम तक दक्षिणी और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव से अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। समुद्र तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

इधर, उत्तर-पश्चिम भारत में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 15 नवंबर को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

 

इस बदलाव का असर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में देखने को मिल सकता है। उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में कोहरे का प्रभाव भी बना रह सकता है।

 

मौसम में इस बदलाव के साथ उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती गतिविधियों और उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर को देखते हुए आने वाले दिनों में मौसम पर विशेष नजर रखने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें