जिला कोषागार का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, वित्तीय पारदर्शिता पर दिए सख्त निर्देश

जामताड़ा, 22 अगस्त। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को जिला कोषागार कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विपत्रों के भुगतान की प्रक्रिया, वित्तीय अभिलेखों, पंजियों तथा कोषागार में कार्यरत कर्मियों की स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वित्तीय लेन-देन नियमों के अनुरूप और पूरी पारदर्शिता के साथ किए जाएं। उन्होंने प्रत्येक भुगतान एवं निकासी से जुड़े अभिलेखों का बैंक विवरण से सावधानीपूर्वक मिलान करने पर विशेष जोर दिया।

उपायुक्त ने कोषागार पदाधिकारी को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी द्वारा प्रस्तुत किए गए विपत्र कोषागार संहिता और वित्त विभाग के निर्धारित नियमों के अनुरूप हों। साथ ही आवंटित राशि का उपयोग निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही किए जाने की बात कही। कर्मियों के वेतन एवं मानदेय भुगतान में भी आवश्यक सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बुक ट्रांसफर, सब-अलॉटमेंट, अनयूज्ड अलॉटमेंट, फ्रेश अलॉटमेंट और पीएल खाते समेत विभिन्न वित्तीय पंजियों की जानकारी ली। उन्होंने कोषागार परिसर में रखे दस्तावेजों और अभिलेखों का भी जायजा लिया तथा स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया।

स्ट्रांग रूम में रखे अप्रचलित स्टाम्प, पुराने रिकॉर्ड एवं अन्य सामग्री के उचित प्रबंधन को लेकर उपायुक्त ने विभागीय स्तर से आवश्यक मार्गदर्शन लेने का निर्देश दिया। साथ ही कोषागार कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण प्रतिवेदन तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।

इस दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, गोपनीय प्रभारी मिहिर सलकर समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें