विधवा-वृद्धा पेंशन, मंईयां सम्मान योजना, मॉडल डिग्री कॉलेज और नाला को अनुमंडल बनाने की उठी मांग
कुंडहित, जामताड़ा। जनहित से जुड़े स्थानीय मुद्दों को लेकर मंगलवार को जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड कार्यालय परिसर में भाजपा की ओर से एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कुंडहित मंडल अध्यक्ष वरुण मंडल एवं बागडेहरी मंडल अध्यक्ष सुभद्रा बाउरी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में नाला विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के पूर्व प्रत्याशी माधव चंद्र महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। धरना-प्रदर्शन के माध्यम से छह सूत्री मांगों को उठाते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए माधव चंद्र महतो ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। पेंशन, महिला सम्मान योजना, उच्च शिक्षा, प्रशासनिक सुविधा और जाति प्रमाणपत्र से संबंधित समस्याओं का समाधान होना जरूरी है। उन्होंने सरकार से जनहित के इन मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।
विधवा एवं वृद्धा पेंशन का भुगतान जल्द करने की मांग
माधव चंद्र महतो ने कहा कि पिछले सात महीने से विधवा एवं वृद्धा पेंशन का भुगतान नहीं होने से लाभुकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की ओर से राज्य को राशि भेजे जाने के बावजूद लाभुकों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि एक सप्ताह के भीतर पेंशन की स्वीकृति एवं भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके।
मंईयां सम्मान योजना का पोर्टल खोलने की मांग
मंईयां सम्मान योजना का मुद्दा उठाते हुए महतो ने कहा कि महिलाओं को 2,500 रुपये देने की घोषणा के बावजूद लाभार्थियों की संख्या में कटौती किए जाने का आरोप है। उन्होंने दावा किया कि पहले 60 हजार की संख्या के मुकाबले अब यह आंकड़ा घटाकर 30 हजार कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी पात्र महिलाओं के नाम पोर्टल बंद रहने के कारण पिछले दो वर्षों से योजना में नहीं जुड़ पा रहे हैं।
उन्होंने मांग की कि मंईयां सम्मान योजना का पोर्टल तत्काल चालू किया जाए और सभी पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिया जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब महिलाओं को 2,500 रुपये दिए जा रहे हैं, तो बुजुर्गों को केवल 1,000 रुपये पेंशन क्यों दी जा रही है। उन्होंने बुजुर्गों की पेंशन राशि बढ़ाने की भी मांग की।
नाला और कुंडहित में मॉडल डिग्री कॉलेज स्थापित करने की मांग
उच्च शिक्षा के मुद्दे पर माधव चंद्र महतो ने कहा कि नाला विधानसभा क्षेत्र में तीन प्रखंड हैं, लेकिन डिग्री कॉलेज केवल फतेहपुर में है। इस कारण नाला और कुंडहित क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में परेशानी होती है। उन्होंने नाला और कुंडहित में भी मॉडल डिग्री कॉलेज स्थापित करने की मांग की, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।
नाला को अनुमंडल बनाने की उठाई मांग
माधव चंद्र महतो ने नाला को अनुमंडल का दर्जा देने की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए जामताड़ा अनुमंडल जाना पड़ता है, जो कई लोगों के लिए काफी दूर है। उन्होंने आम जनता की सुविधा और क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए नाला विधानसभा क्षेत्र के मध्यवर्ती स्थान पर अनुमंडल स्थापित करने की मांग की।
घटवाल और माल जाति के प्रमाणपत्र की समस्या दूर करने की मांग
धरना-प्रदर्शन के दौरान घटवाल एवं माल जाति के लोगों को जाति प्रमाणपत्र बनवाने में हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया गया। महतो ने कहा कि तकनीकी समस्याओं के कारण इन समुदायों के लोगों को जाति प्रमाणपत्र प्राप्त करने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने संबंधित तकनीकी समस्याओं को दूर कर पात्र लोगों के जाति प्रमाणपत्र जारी करने की मांग की।
बीडीओ की अनुपस्थिति में प्रखंड के बड़े बाबू को सौंपा ज्ञापन
धरना-प्रदर्शन के समापन के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की अनुपस्थिति में प्रखंड कार्यालय के बड़े बाबू को महामहिम राज्यपाल के नाम छह सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
ये रहे उपस्थित
मौके पर कुंडहित मंडल अध्यक्ष वरुण मंडल, बागडेहरी मंडल अध्यक्ष सुभद्रा बाउरी, कृष्ण महतो, सजल दास, जीवन मंडल, तपन सिंह, गया प्रसाद मंडल, प्रभात मन्ना, जगबंधु घोष, रत्नाकर माजी, बिस्वजीत मन्ना, नित्य बाउरी, देब प्रसाद बनर्जी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।









