जामताड़ा, 29 अगस्त। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 के तहत जामताड़ा जिला प्रशासन ने दावा एवं आपत्ति से जुड़ी सुनवाई प्रक्रिया तेज कर दी है। शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने नाला एवं जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सुनवाई स्थलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने सबसे पहले जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के जेबीसी जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में चल रही सुनवाई प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित दस्तावेजों की जांच की और अधिकारियों से नोटिस प्राप्त मतदाताओं के मामलों की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद चापुड़िया और सालुका पंचायत भवन में चल रही सुनवाई का भी जायजा लिया।
नोटिस मिलने वाले मतदाताओं को घबराने की जरूरत नहीं
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य दस्तावेजों में से किसी एक को प्रस्तुत कर मतदाता अपने दावे को प्रमाणित कर सकते हैं।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निष्पादन किया जाए। दस्तावेजों की नियमानुसार जांच एवं सत्यापन के बाद ही किसी मामले में निर्णय लेने को कहा गया।
पात्र मतदाताओं को लेकर प्रशासन ने दिया भरोसा
उपायुक्त ने मौके पर मौजूद मतदाताओं से कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मनमाने तरीके से मतदाता सूची से नहीं हटाया जा रहा है। उन्होंने मतदाताओं से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित सुनवाई में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी मतदाताओं को सुनवाई प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जागरूक करने की अपील की गई।
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, भूमि संरक्षण पदाधिकारी सुशांत कण्डुलना सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।









