जामताड़ा। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक विरोध के बीच जामताड़ा में कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के नेताओं ने आंदोलन को और धार देने की रणनीति तैयार की। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के आवास पर आयोजित महाबैठक में गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। इस दौरान ‘मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा दो’, ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’ और ‘SIR प्रक्रिया देशभर में बंद करो’ जैसे नारे लगाए गए। नेताओं ने बिहार, असम और पश्चिम बंगाल में हाल में हुए चुनावों को लेकर भी सवाल उठाते हुए चुनाव प्रक्रिया को रद्द करने की मांग रखी।
वक्ताओं ने कहा कि SIR की प्रक्रिया से आम मतदाताओं के अधिकार प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ सभी राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की। नेताओं का कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची की शुचिता और निष्पक्षता बेहद महत्वपूर्ण है।
बैठक में आंदोलन को जामताड़ा जिले में और व्यापक बनाने पर भी चर्चा हुई। गठबंधन नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठित कर आंदोलन को गांव और प्रखंड स्तर तक ले जाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। नेताओं ने संयुक्त रूप से लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प जताया।
बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपिका बेसरा, कार्यकारी जिलाध्यक्ष विजय दुबे, प्रदेश कांग्रेस सचिव प्रभु मंडल, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता इरशादुल हक अरसी, निशापति हांसदा, राजद जिलाध्यक्ष दिनेश यादव, सीपीएम के कामरेड सूचित माझी, चंडी दास पुरी सहित इंडिया गठबंधन के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।









