छठ घाटों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सुरक्षा में चूक हुई तो होगी कार्रवाई : इरफान अंसारी

छठ घाटों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सुरक्षा में चूक हुई तो होगी कार्रवाई : इरफान अंसारी

जामताड़ा में विभिन्न छठ घाटों का मंत्री ने किया निरीक्षण, सभी जिलों के उपायुक्तों और सिविल सर्जनों को अलर्ट रहने का निर्देश

जामताड़ा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर झारखंड सरकार ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों और सिविल सर्जनों को छठ घाटों पर सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त रखने का सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छठ महापर्व के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर श्रद्धालु को सुरक्षित घर पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

इसी क्रम में गुरुवार को मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा से पहले सभी घाटों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मंत्री ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। छठी मैया के प्रति उनकी गहरी आस्था है और उनकी प्राथमिकता है कि राज्य का प्रत्येक श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ पर्व मनाए तथा पूजा के बाद सुरक्षित अपने घर लौटे।

राज्यव्यापी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंत्री ने सभी उपायुक्तों को अपने-अपने जिलों के तालाबों, नदियों, डैम और छठ घाटों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। विशेष रूप से संवेदनशील और गहरे पानी वाले घाटों को चिह्नित कर वहां एनडीआरएफ की टीम, स्थानीय गोताखोरों और प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा घाटों पर पर्याप्त रोशनी, मजबूत बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा और खतरे से संबंधित चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी मंत्री ने सभी सिविल सर्जनों को अलर्ट रहने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि छठ के दौरान चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जरूरत पड़ने पर अवकाश पर गए चिकित्सकों के स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। प्रमुख घाटों पर मेडिकल टीम, जरूरी दवाइयां, प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रहे, ताकि आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।

डॉ. अंसारी ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि छठ की तैयारियां केवल कागजों और बैठकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हर घाट पर व्यवस्था जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और नियमित रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी करें।

उन्होंने चेतावनी दी कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही या जिम्मेदारी से बचने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री के रूप में प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

अंत में मंत्री ने राज्यवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठी मैया की कृपा से सभी व्रतियों का व्रत और पूजन निर्विघ्न संपन्न हो तथा हर परिवार में सुख, शांति और समृद्धि आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें