तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम

नारायणपुर। जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई। हादसा गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर खरखोकुंडी गांव के समीप हुआ। मृतक की पहचान खरखोकुंडी निवासी हेमन रजक के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि हेमन रजक अपनी गाय को मैदान में खूंटे से बांधकर घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पार करने के क्रम में तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेमन रजक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर आवागमन रोक दिया। विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया, जिसके कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
सूचना मिलने पर बीडीओ कमलेश कुमार दास, सीओ देवराज गुप्ता और नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने और सड़क से जाम हटाने का प्रयास किया।
इधर, हादसे के बाद ग्रामीणों ने कंटेनर चालक को पकड़ लिया और उसे अपने साथ गांव की ओर ले गए। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से लगातार बातचीत कर रहे थे। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
फिलहाल प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को समझाने और मामले को शांत कराने का प्रयास जारी था। हादसे को लेकर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment

और पढ़ें