दीवार में सेंध लगाकर सरकारी विदेशी शराब दुकान में बड़ी चोरी, 1 लाख से अधिक की संपत्ति लेकर फरार हुए चो
करमाटांड़। थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की चुनौती के बीच अज्ञात अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है। गुरुवार देर रात चोरों ने मदनकट्टा-कालाझरिया स्थित सरकारी विदेशी शराब दुकान को निशाना बनाते हुए दीवार में सेंध लगाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अपराधी दुकान से 85 हजार 660 रुपये नकद और करीब 20 हजार रुपये मूल्य की विदेशी शराब लेकर फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, देर रात जब इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ था, उसी दौरान अपराधियों ने दुकान की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखी नकदी तथा शराब समेट ली। इसी दौरान दीवार काटने की आवाज पास में रहने वाले मकान मालिक महुर भुइयां के कानों तक पहुंची। आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने तत्काल शराब दुकान के कर्मचारियों को सूचना दी और शोर मचाकर आसपास के लोगों को सतर्क किया।
हालांकि, स्थानीय लोगों के जुटने तक चोर अपना काम पूरा कर चुके थे। अंधेरे का फायदा उठाकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर रात्रि गश्ती में तैनात पुलिसकर्मी, दुकान के मैनेजर गोविंद सिंह तथा कर्मचारी वासुदेव मंडल और राजेश मंडल घटनास्थल पर पहुंचे। वहां दुकान की दीवार कटी हुई मिली और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
मामले को लेकर दुकान कर्मचारी राजेश मंडल ने करमाटांड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना कांड संख्या 97/26 दर्ज कर चोरी एवं गृहभेदन के मामले में जांच शुरू कर दी है। अज्ञात अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है।
सरकारी शराब दुकान में इस तरह दीवार काटकर हुई चोरी की घटना ने क्षेत्र में दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार चोरी की घटनाओं से स्थानीय कारोबारियों में भी चिंता देखी जा रही है। अब पुलिस के सामने इस वारदात का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की चुनौती है।









