मंत्री जी नहीं आएंगे तो अंतिम संस्कार नहीं करेंगे…” परिजनों की बात सुन भावुक हुए इरफान अंसारी

लालमुनि हांसदा के निधन की खबर मिलते ही कार्यक्रम छोड़कर कितलाजोड़ पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, परिवार को दी आर्थिक मदद
जामताड़ा। जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के कितलाजोड़ गांव में 50 वर्षीय लालमुनि हांसदा के निधन की खबर मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी अपना अन्य कार्यक्रम छोड़कर शोकाकुल परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बीच मंत्री के पहुंचने पर परिजनों ने भावुक होकर कहा कि “जब तक मंत्री जी डॉ. इरफान अंसारी नहीं आएंगे, हम अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।”
परिजनों की यह बात सुनकर स्वास्थ्य मंत्री भी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह केवल उम्मीद नहीं, बल्कि जामताड़ा की जनता के उनके प्रति विश्वास, स्नेह और अपनापन की अभिव्यक्ति है।
डॉ. इरफान अंसारी ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से मिलने वाली जरूरी सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
“आपको अकेला नहीं छोड़ेंगे”
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “लालमुनि हांसदा जी को हम वापस तो नहीं ला सकते, लेकिन इस कठिन समय में उनके परिवार को अकेला नहीं छोड़ सकते। जब भी आपको मेरी जरूरत होगी, मैं आपके साथ खड़ा रहूंगा। मैं आपकी हिम्मत बनूंगा।”
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने का वास्तविक अर्थ केवल पद और राजनीति तक सीमित नहीं है। लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ा होना और जरूरत के समय उनके परिवार का सहारा बनना ही जनप्रतिनिधि की असली जिम्मेदारी है।
इस दौरान गांव के लोगों ने भी स्वास्थ्य मंत्री के प्रति अपना विश्वास और स्नेह व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि डॉ. इरफान अंसारी जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और हरसंभव मदद का प्रयास करते हैं।
“जामताड़ा मेरा परिवार है”
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “जामताड़ा की जनता का प्यार और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। जामताड़ा मेरा परिवार है और मैं अपने परिवार के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ा रहूंगा।”
उन्होंने दिवंगत लालमुनि हांसदा के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

Leave a Comment

और पढ़ें