पत्नी से फोन पर विवाद के बाद युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, शव गांव पहुंचा तो उठे कई सवाल

करमाटांड़। थाना क्षेत्र के केंदुवाटांड गांव निवासी 22 वर्षीय जमरुद्दीन अंसारी की पुणे में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई। जमरुद्दीन पुणे के एक होटल में मजदूरी करता था। शुक्रवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जमरुद्दीन और उसकी पत्नी रुकय्या खातून के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चलने की बात परिजन और ग्रामीण बता रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि घटना वाले दिन दोनों के बीच फोन पर भी विवाद हुआ था। इसके बाद युवक द्वारा कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
शव गांव पहुंचते ही गमगीन हुआ माहौल
रविवार देर रात जमरुद्दीन का शव केंदुवाटांड गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के इकलौते बेटे की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। जमरुद्दीन की छह बहनें हैं।
वहीं, ग्रामीणों का दावा है कि ससुराल पक्ष की ओर से कोई भी व्यक्ति अंतिम दर्शन के लिए गांव नहीं पहुंचा, जिसे लेकर ग्रामीणों के बीच कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में ससुराल पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद तनवीर आलम, प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस झारखंड सह जिला परिषद प्रत्याशी, भाग संख्या-4 भी केंदुवाटांड गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार से सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल युवक की मौत के पीछे की वास्तविक वजह और घटना की पूरी परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

Leave a Comment

और पढ़ें