मिहिजाम को विकास की बड़ी सौगात, 16 नवंबर को नए थाना भवन का होगा शिलान्यास, जल्द खुलेगा डिग्री कॉलेज : डॉ. इरफान अंसारी

मिहिजाम को विकास की बड़ी सौगात, 16 नवंबर को नए थाना भवन का होगा शिलान्यास, जल्द खुलेगा डिग्री कॉलेज : डॉ. इरफान अंसारी

पूर्वा एक्सप्रेस से मिहिजाम पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री का भव्य स्वागत, कानगोई छठ हादसे की याद साझा करते हुए भावुक हुए मंत्री, छठी मईया के आशीर्वाद को बताया अपनी ताकत

 

मिहिजाम। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शनिवार को पूर्वा एक्सप्रेस से मिहिजाम पहुंचे। उनके आगमन पर रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। स्टेशन से मंत्री सीधे मिहिजाम स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए क्षेत्र के विकास, शिक्षा, सुरक्षा और छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं।

 

मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने क्षेत्रवासियों को लोक आस्था के महापर्व छठ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, पवित्रता, अनुशासन और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस महापर्व में हर वर्ग के लोग मिल-जुलकर अपनी भागीदारी निभाते हैं। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। घाटों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

16 नवंबर को नए थाना भवन का शिलान्यास, डिग्री कॉलेज की भी मिलेगी सौगात

 

मिहिजाम के विकास को लेकर मंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि आगामी 16 नवंबर को मिहिजाम में नए थाना भवन का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बेहतर पुलिस व्यवस्था और जनसुरक्षा के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त थाना भवन जरूरी है। इसके साथ ही मिहिजाम में जल्द डिग्री कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी पहल की जाएगी। उनका कहना था कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। मिहिजाम के विकास और युवाओं के भविष्य को लेकर वे गंभीर हैं तथा क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।

 

कानगोई छठ हादसे की याद में भावुक हुए मंत्री, केलाही के लोगों की इंसानियत को किया सलाम

 

मीडिया से बातचीत के दौरान दो वर्ष पूर्व कानगोई में छठ पूजा के दौरान हुए दर्दनाक हादसे का जिक्र आते ही मंत्री भावुक हो गए। उन्होंने उस कठिन समय को याद करते हुए बताया कि हादसे के बाद एक शव तालाब में डूबा हुआ था। उस समय राजनीतिक विरोधियों ने घटना को लेकर उन्हें निशाना बनाने की कोशिश की थी। विधानसभा चुनाव भी नजदीक था और परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं।

 

मंत्री ने बताया कि उस समय उन्होंने छठी मईया से प्रार्थना की थी कि शव जल्द तालाब से बाहर निकल आए, ताकि अगले दिन व्रती उसी जलाशय में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दे सकें और वर्षों से चली आ रही आस्था एवं परंपरा में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

 

उन्होंने बताया कि उस मुश्किल घड़ी में केलाही गांव के मुस्लिम समुदाय के कुशल गोताखोरों ने आगे आकर शव को बाहर निकालने में महत्वपूर्ण मदद की। इस घटना को याद करते हुए मंत्री ने कहा कि इंसानियत का कोई धर्म और जाति नहीं होती। जब समाज पर संकट आता है, तब मानवता ही सबसे बड़ा धर्म बनकर सामने आती है। केलाही गांव के लोगों ने जिस संवेदनशीलता, साहस और भाईचारे का परिचय दिया, वह हमेशा याद रखने योग्य है।

 

डॉ. अंसारी ने कहा कि उस घटना ने उनके मन पर गहरी छाप छोड़ी और छठी मईया के प्रति उनकी आस्था पहले से भी अधिक मजबूत हुई। उन्होंने अपनी चुनावी जीत और स्वास्थ्य मंत्री के रूप में मिली जिम्मेदारी को भी छठी मईया का आशीर्वाद बताया। उनके अनुसार, जीवन में कठिन परिस्थितियां आती हैं, लेकिन आस्था, विश्वास और लोगों का सहयोग इंसान को आगे बढ़ने की ताकत देता है।

 

सामाजिक एकता और विकास को बताया राजनीति का असली उद्देश्य

 

मंत्री ने कहा कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ना है। मिहिजाम सहित पूरे क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा की सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को गंभीरता से लेते हुए विकास के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।

 

इस अवसर पर परवेज रहमान, सुबोध ओझा, अरुण दास, दानिश रहमान, कृष्णा राम, यासर नवाज, संजय गुप्ता, मनोज कुमार, सौरभ कुमार, टिंकू खान, जसवीर सिंह गांधी, अभिषेक राम, उत्तम कुमार रजक, कपिल यादव, साबो यादव, शांति देवी, नूपुर सरकार, आलो मुखर्जी, प्रियंका दास, जॉली चक्रवर्ती, मोनिका चौधरी, वर्षा एवं सरिता देवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें