मिहिजाम में चोरों का आतंक, किराना एवं गिफ्ट दुकान से 16 हजार रुपये की चोरी

मिहिजाम में चोरों का आतंक, किराना एवं गिफ्ट दुकान से 16 हजार रुपये की चोरी

मिहिजाम। ठंड का मौसम शुरू होते ही मिहिजाम थाना क्षेत्र में चोरों की सक्रियता बढ़ने लगी है। मंगलवार की रात चोरों ने कांगोई स्थित विश्वकर्मा मंदिर मोड़ के समीप एक किराना एवं गिफ्ट दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 16 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोर दुकान की छत पर लगे एस्बेस्टस को तोड़कर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक दिनेश गुप्ता मंगलवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो छत पर लगा एस्बेस्टस टूटा हुआ पाया। इसके बाद दुकान के अंदर जांच करने पर कैश काउंटर से करीब 16 हजार रुपये गायब मिले। छानबीन में पता चला कि अज्ञात चोर छत तोड़कर दुकान में दाखिल हुए थे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद दुकानदार ने मिहिजाम पुलिस को सूचना दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई। दिनेश गुप्ता ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने तथा डॉग स्क्वैड की मदद लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में रातें लंबी होने के कारण चोरी की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस को रात्रि गश्ती तेज करनी चाहिए, ताकि दुकानदारों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

इस संबंध में मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें