दिघारी विद्यालय में मध्याह्न भोजन बंद मिलने पर जताई नाराजगी, डीएसई को सभी स्कूलों में भोजन सुनिश्चित करने का निर्देश
जामताड़ा। जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजकीयकृत गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल, उत्क्रमित मध्य विद्यालय दिघारी और उत्क्रमित मध्य विद्यालय मोहड़ा का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से सीधे संवाद किया और विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछकर उनकी शैक्षणिक प्रगति को परखा।
ब्लैकबोर्ड पर बच्चों से करवाए जोड़-घटाव के सवाल
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने बच्चों को ब्लैकबोर्ड पर जोड़-घटाव के सवाल हल करने को दिए और उनकी समझ का आकलन किया। साथ ही विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित रूप से विद्यालय आने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
उपायुक्त ने शिक्षकों की उपस्थिति, पठन-पाठन की गुणवत्ता और विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक वातावरण की भी जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएं। विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और शैक्षणिक प्रगति पर नियमित ध्यान देने की जरूरत है।
मध्याह्न भोजन बंद मिलने पर लिया संज्ञान
निरीक्षण के दौरान उत्क्रमित मध्य विद्यालय दिघारी में मध्याह्न भोजन योजना संचालित नहीं पाई गई। इस पर उपायुक्त ने प्रधानाध्यापक से जानकारी ली और जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि जिले के सभी विद्यालयों में बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मध्याह्न भोजन योजना के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति, बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
उपायुक्त ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर बेहतर हो सके।
इस मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी, नारायणपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी कमलेश कुमार दास, अंचल अधिकारी देवराज गुप्ता, जामताड़ा के अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









