जामताड़ा के 1.52 लाख लाभुकों के खाते में पहुंची मंईयां सम्मान योजना की राशि

शेख शमीम

जामताड़ा। जिले में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में लाभुकों को अगस्त माह की सम्मान एवं पेंशन राशि बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी गई है। भौतिक सत्यापन के बाद योग्य एवं अहर्ताधारी लाभुकों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। यह पूरी प्रक्रिया उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के पर्यवेक्षण एवं निर्देशानुसार की गई।

रक्षाबंधन के अवसर पर झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जिले के 1,52,741 लाभुकों के बैंक खातों में अगस्त माह की सम्मान राशि भेजी गई है। प्रत्येक लाभुक को 2,500 रुपये की दर से राशि PFMS/DBT के माध्यम से हस्तांतरित की गई। राशि खाते में पहुंचने के बाद लाभुकों में खुशी देखी गई।

1.05 लाख पेंशनधारियों को भी मिली राशि

वहीं सर्वजन पेंशन योजना के तहत अगस्त माह की पेंशन राशि जिले के 1,05,790 लाभुकों के बैंक खातों में APBS/PFMS के माध्यम से भेजी गई है।

इनमें मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के 79,704, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना के 12,844, मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना के 1,215, मुख्यमंत्री राज्य एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के 74 तथा स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के 11,953 लाभुक शामिल हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उद्देश्य जिले के जरूरतमंद, बुजुर्ग, निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगजनों और अन्य पात्र लाभुकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

योग्य लाभुकों तक समय पर पहुंचे लाभ

उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर संबंधित विभागों द्वारा लाभुकों के सत्यापन और भुगतान की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। प्रशासन ने कहा है कि योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखते हुए सभी योग्य लाभुकों तक सरकारी सहायता पहुंचाने का प्रयास जारी है।

जिला प्रशासन ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के सभी पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Leave a Comment

और पढ़ें