अवैध कोयला तस्करी पर रोक लगाने की मांग, जेएलकेएम ने बाघमारा अंचल अधिकारी को सौंपा शिकायत पत्र
कतरास। बाघमारा अंचल और थाना क्षेत्र के आसपास कथित रूप से चल रहे अवैध कोयला कारोबार को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए जेएलकेएम के बाघमारा प्रखंड (जोन) अध्यक्ष विकास कुमार महतो ने अंचल अधिकारी, बाघमारा को लिखित शिकायत सौंपकर अवैध कोयला तस्करी पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायत पत्र में कहा गया है कि बाघमारा क्षेत्र में लगातार हो रही अवैध कोयला तस्करी के कारण असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं। इससे स्थानीय ग्रामीणों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि इस अवैध कारोबार पर समय रहते लगाम नहीं लगाई गई, तो भविष्य में कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है। पार्टी ने इस स्थिति को क्षेत्र की शांति और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया है।
जेएलकेएम ने प्रशासन से मांग की है कि बाघमारा थाना क्षेत्र के आसपास संचालित अवैध कोयला तस्करी की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इस कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, अवैध कोयले के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों की जांच कर तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने, अवैध कोयला परिवहन पर निगरानी रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। पार्टी ने कहा है कि अवैध खनन और कोयला परिवहन की पुष्टि होने पर एमएमडीआर एक्ट, 1957 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस शिकायत पत्र की प्रतिलिपि जेएलकेएम धनबाद जिला अध्यक्ष, उपायुक्त धनबाद, वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद, अनुमंडल अधिकारी धनबाद और बाघमारा थाना प्रभारी को भी सूचनार्थ भेजी गई है। जेएलकेएम ने प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने और क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण कायम करने की मांग की है।









