कोडरमा रेलवे स्टेशन पर शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बिहार में ऊंचे दाम पर बेचने की थी तैयार
कोडरमा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कोडरमा रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को शराब की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। युवक के पास से विभिन्न ब्रांड की कुल 21 बोतल शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की कुल मात्रा 8.940 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 9,560 रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार युवक की पहचान बिहार के नालंदा जिले के बेना थाना क्षेत्र अंतर्गत धमोली निवासी आयुष कुमार (23 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार 10 नवंबर 2026 को आरपीएफ कोडरमा पोस्ट की टीम प्रतिबंधित सामानों की निगरानी को लेकर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान करीब 11 बजे कालका इंड साइड स्थित यात्री शेड में एक युवक सफेद रंग का झोला लेकर संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया। आरपीएफ कर्मियों ने युवक से पूछताछ की और उसके सामान की जांच की।
जांच के दौरान झोले से 750 मिलीलीटर की छह बोतल Iconic White Elite Whisky, एक बोतल Magic Moment Whisky, 375 मिलीलीटर की छह बोतल Iconic White Elite Whisky तथा 180 मिलीलीटर की आठ बोतल 8PM Black Whisky बरामद हुई। सभी शराब की बोतलों पर कुल 9,560 रुपये कीमत अंकित थी।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह बेरोजगार है और शराब को बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था। इसके बाद आरपीएफ ने गवाहों की मौजूदगी में सुबह 11:25 बजे शराब को जब्त कर युवक को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक गिरफ्तारी एवं तलाशी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे आरपीएफ पोस्ट कोडरमा लाया गया।
आरपीएफ ने जब्त शराब और गिरफ्तार युवक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग कोडरमा के सुपुर्द कर दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई उत्पाद विभाग द्वारा की जा रही है।









