जामताड़ा में खनन विभाग की कार्रवाई, अवैध खनिज ढुलाई करते चार ट्रैक्टर पकड़े गए
जामताड़ा। जिले में खनिजों की अवैध ढुलाई पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में विभाग की टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर चार ट्रैक्टरों को अपने कब्जे में लिया। जब्त वाहनों में दो पर स्टोन चिप्स और दो पर बालू लदा हुआ था।
खनन निरीक्षक अजीत कुमार चौधरी की अगुवाई में यह अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी के आदेशानुसार वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में तीन ट्रैक्टर पकड़े गए, जिनमें दो में स्टोन चिप्स और एक में बालू भरा था। वहीं, बिंदापाथर थाना क्षेत्र में भी बालू लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर को रोका गया।
विभागीय जांच में चारों वाहनों के चालक खनिजों के परिवहन से जुड़े जरूरी कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए। दस्तावेजों के अभाव में सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर संबंधित थानों के सुपुर्द कर दिया गया।
खनन विभाग ने दो टूक कहा है कि जिले में खनिजों की अवैध ढुलाई और उत्खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना वैध चालान के बालू, पत्थर और स्टोन चिप्स ले जाने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी लगातार जांच और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









