जामताड़ा में एक और साइबर ठग गिरफ्तार, फर्जी बैंक अधिकारी बनकर देशभर में करता था ठगी
जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियां गांव से एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रहलाद दास (31 वर्ष), पिता स्वर्गीय सदानंद दास के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से तीन मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। एसपी के निर्देश पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने लोकनियां गांव स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को फोन करता था। वह लोगों को एटीएम कार्ड बंद होने का डर दिखाकर कार्ड चालू रखने या बैंक संबंधी समस्या दूर करने का झांसा देता था। इसके बाद एटीएम नंबर, सीवीवी और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारियां हासिल कर ई-वॉलेट के माध्यम से उनके बैंक खातों से पैसे की ठगी करता था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी साइबर अपराध से जुड़ा आपराधिक इतिहास रहा है। वह जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 42/25 में पहले से आरोप पत्रित है।
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 73/26 के तहत बीएनएस, आईटी एक्ट एवं दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, मो. फारूक, नितिश कुमार, मनीष कुमार गुप्ता, पुष्पेश्वर दास और हीरालाल महतो सहित रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।









