राज्य स्थापना दिवस को लेकर जामताड़ा में 15 से 28 नवंबर तक होंगे कई कार्यक्रम, 15 नवंबर को निकलेगी ‘रन फॉर स्वच्छ एवं विकसित झारखंड’

 

 

छठ घाटों पर चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, 10 विभाग लगाएंगे स्टॉल, खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का भी होगा आयोजन

 

जामताड़ा। झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह और छठ महापर्व को लेकर जामताड़ा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में 15 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वहीं छठ महापर्व को देखते हुए जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रमों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर गुरुवार को उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देशानुसार हुई।

 

बैठक में राज्य स्थापना दिवस समारोह, परिसंपत्तियों का वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं, नशा मुक्ति अभियान, सड़क सुरक्षा, पर्यटन जागरूकता तथा विभिन्न विभागों की ओर से प्रस्तावित शिलान्यास एवं उद्घाटन कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

 

बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद निकलेगी जागरूकता दौड़

 

15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सुबह गायछंद मोड़ स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद सर्किट हाउस से घोष बांध छठ घाट तक ‘रन फॉर स्वच्छ एवं विकसित झारखंड’ का आयोजन होगा। इस दौड़ के माध्यम से स्वच्छता और विकसित झारखंड का संदेश दिया जाएगा। इसी दिन जिले के सभी छठ घाटों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। घाटों की साफ-सफाई के साथ वहां राज्य स्थापना दिवस एवं छठ महापर्व की शुभकामनाओं से संबंधित फ्लैक्स और होर्डिंग भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।

 

10 विभागों के लगेंगे स्टॉल, परिसंपत्तियों का होगा वितरण

 

मुख्य कार्यक्रम के तहत एसजीएसवाई सभागार में जिला स्तरीय समारोह सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जिले के 10 विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जाएगा। वहीं नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और जिले के पर्यटन स्थलों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति होगी।

 

खेलकूद के साथ निबंध, क्विज और कविता लेखन प्रतियोगिता

 

राज्य स्थापना दिवस समारोह के तहत 16 से 20 नवंबर तक विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए निबंध लेखन, क्विज और कविता लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। वहीं राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के सभी सरकारी भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाने की व्यवस्था की जाएगी।

 

28 नवंबर तक राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में भी होगी जिले की भागीदारी

 

बैठक में 26 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में जामताड़ा जिले की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यक्रमों का आयोजन बेहतर प्रबंधन, आपसी तालमेल और निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप किया जाए, ताकि राज्य स्थापना दिवस समारोह को भव्य एवं सफल बनाया जा सके।

 

बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय नीलम कुजूर, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें