जामताड़ा सदर अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री का औचक निरीक्षण, दो अधिकारियों पर कार्रवाई का निर्देश

 

 

एक दिन का वेतन काटने और शो-कॉज नोटिस जारी करने का आदेश, मरीज के साथ सिर्फ एक अटेंडेंट को मिलेगी एंट्री

 

जामताड़ा। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को जामताड़ा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान दो पदाधिकारी अपने कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए। इस पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए दोनों को शो-कॉज नोटिस जारी करने और एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।

 

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज की स्थिति और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर भी जांचा और चिकित्सकों की उपस्थिति की समीक्षा की।

 

मंत्री ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग बेहद संवेदनशील विभाग है। सभी चिकित्सक पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करें। डॉक्टरों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि चिकित्सक बेहतर सेवा दें, उनकी सुविधा, सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी सरकार की है।

 

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जामताड़ा में जल्द ही अतिरिक्त डॉक्टरों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी, ताकि जिले के मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों और राज्यों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। उन्होंने पूर्व में सदर अस्पताल में नौ डॉक्टरों की पदस्थापना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अस्पताल में मारपीट और हंगामा किए जाने के कारण डॉक्टर भयभीत होकर यहां से चले गए।

 

मंत्री ने राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अस्पताल मरीजों के इलाज और सेवा का स्थान है, राजनीति करने का अड्डा नहीं। भाजपा के लोग झंडा और लाठी लेकर अस्पताल पहुंचते हैं, जिससे अस्पताल का माहौल प्रभावित होता है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी राजनीतिक गतिविधि या हंगामे के कारण मरीजों के इलाज में बाधा नहीं आनी चाहिए।

 

अस्पताल की सुरक्षा और अनुशासन को लेकर मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मरीज के साथ केवल एक अटेंडेंट को ही प्रवेश की अनुमति दी जाए। अस्पताल में अवैध और अनधिकृत प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में अनावश्यक भीड़ से मरीजों और चिकित्सकों दोनों को परेशानी होती है। इसलिए सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखना जरूरी है।

 

मंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है। जामताड़ा सदर अस्पताल की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने से लेकर अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने तक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि मरीजों के इलाज में लापरवाही करने वाले अधिकारी और कर्मचारी बख्शे नहीं जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें