जनजातीय गौरव दिवस को लेकर भाजपा की प्रेस वार्ता, सीता सोरेन ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना
जामताड़ा। आगामी 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर बुधवार को बुद्धुडीह स्थित भाजपा जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रेस वार्ता में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व विधायक एवं पूर्व सांसद सीता सोरेन शामिल हुईं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सीता सोरेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का संकल्प लिया था। इसके बाद से भारतीय जनता पार्टी प्रत्येक वर्ष इस दिवस को पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाती आ रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार देशभर के जनजातीय बहुल जिलों में जिला एवं मंडल स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जामताड़ा जिले में भी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी राष्ट्रपति भवन में आदिवासी स्कूली बच्चों के साथ कार्यक्रम आयोजित करेंगी। वहीं, आदिवासी छात्रावासों एवं विद्यालयों में युवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
कांग्रेस पर आदिवासियों की उपेक्षा का आरोप
सीता सोरेन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब आदिवासी समाज की समस्याओं और विकास की अनदेखी की जाती थी। नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में विकास की गति ठप थी। न स्कूलों की पर्याप्त व्यवस्था थी, न सड़कों का विकास हुआ और न ही पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध थीं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज के विकास के लिए कई नई योजनाएं और नीतियां बनाई गई हैं। आज नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। उन्होंने विपक्ष पर झूठ फैलाकर समाज को बांटने का आरोप लगाया।
निशा भगत मामले में सीबीआई जांच की मांग उठाई
निशा भगत की आत्महत्या के मुद्दे पर सीता सोरेन ने झारखंड सरकार को घेरते हुए कहा कि निशा भगत और सूर्या हांसदा जैसे कई लोग आदिवासी समाज के हितों के लिए ईमानदारी से आवाज उठाते रहे हैं, लेकिन सरकार ने उन्हें दबाने और प्रताड़ित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि निशा भगत की आत्महत्या के बाद भाजपा ने पूरे प्रदेश में कैंडल मार्च और मशाल जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इसके बावजूद राज्य सरकार अब तक सीबीआई जांच को लेकर केवल आश्वासन ही दे रही है।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर भी हमला
सीता सोरेन ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह राज्य का दुर्भाग्य है कि स्वास्थ्य मंत्री के बुलाने पर भी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पा रही है, तो आम जनता की स्वास्थ्य सुविधाओं का क्या हाल होगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जैसा महत्वपूर्ण और संवेदनशील विभाग ऐसे व्यक्ति को सौंपा गया है, जो उनके अनुसार केवल हंसी का पात्र बनकर रह गया है।
15 नवंबर को भव्य आयोजन करेगी भाजपा : सुमित शरण
भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जामताड़ा जिले में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस पूरे धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
वहीं, कार्यक्रम संयोजक दिलीप हेंब्रम ने कहा कि आदिवासी समाज के उत्थान के लिए भारतीय जनता पार्टी हमेशा से कार्य करती रही है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड को अलग राज्य का दर्जा देकर ऐतिहासिक कार्य किया था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल कर आदिवासी समाज को विशेष सम्मान दिया है।
ये रहे मौजूद
मौके पर जिला महामंत्री कमलेश मंडल, प्रदेश कार्यक्रम विभाग के सह संयोजक मनीष दुबे, कार्यक्रम सह संयोजक अबीता हांसदा, उत्तम हेंब्रम, मंगल सोरेन, जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा, जिला मंत्री किरण बेसरा, आभा आर्या, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत एवं ग्रामीण मंडल अध्यक्ष निर्मल सोरेन सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।









