जामिया मिस्बाह लील बनात मदरसे में वार्षिक दीनी कार्यक्रम आयोजित
मदरसों को बचाना और उलेमाओं को सहयोग करना समाज की जिम्मेदारी : मंत्री हफीजुल हसन
जामताड़ा के धांधड़ा स्थित जामिया मिस्बाह लील बनात मदरसे में वार्षिक दीनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान मदरसे की छात्राओं ने कुरान और हदीस पर आधारित तकरीर एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मंत्री ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं मंत्री ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए लोगों से मदरसों और उलेमाओं को सहयोग करने की अपील की।जामताड़ा के धांधड़ा स्थित जामिया मिस्बाह लील बनात मदरसे में आयोजित वार्षिक दीनी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उलेमा, सामाजिक कार्यकर्ता, अभिभावक और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में मदरसे की छात्राओं ने कुरान और हदीस पर आधारित तकरीर पेश कर अपनी धार्मिक और शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया। छात्राओं की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। बेहतर तकरीर करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि मंत्री हफीजुल हसन ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि शिक्षा हर समाज की तरक्की का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को अच्छी से अच्छी तालीम दें। बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके संस्कार और नैतिक मूल्यों पर भी ध्यान देना जरूरी है। मंत्री ने मदरसों की अहमियत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मदरसों को संचालित करने वाले उलेमाओं का समाज में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मदरसों को चलाने वाले उलेमाओं को दिल से सहयोग करें। अगर मदरसे नहीं रहेंगे तो मौलाना कहां से आएंगे? जनाजे की नमाज पढ़ाने और निकाह संपन्न कराने के लिए भी मौलानाओं की जरूरत होती है। इसलिए मदरसों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं मदरसे के नाजिम हाफिज नाजीर हुसैन ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी वार्षिक दीनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसका उद्देश्य छात्राओं में धार्मिक शिक्षा, कुरान और हदीस की जानकारी के साथ तकरीर करने की क्षमता विकसित करना है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री, उलेमाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों के प्रति आभार जताया।









