दो विद्यालयों को मिली बड़ी सौगात, विधानसभा अध्यक्ष ने किया भवन निर्माण का शिलान्यास

दो विद्यालयों को मिली बड़ी सौगात, विधानसभा अध्यक्ष ने किया भवन निर्माण का शिलान्यास

सिंहवाहिनी प्लस टू विद्यालय में पांच अतिरिक्त कक्ष व विज्ञान प्रयोगशाला, बागडेहरी में आठ अतिरिक्त कक्ष बनेंगे

 

 

कुडहित (जामताड़ा):कुंडहित प्रखंड के दो उच्च विद्यालयों को गुरुवार को बड़ी सौगात मिली। झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत सिंहवाहिनी प्लस टू उच्च विद्यालय, कुंडहित में पांच अतिरिक्त वर्ग कक्ष एवं एक विज्ञान प्रयोगशाला तथा आरके प्लस टू उच्च विद्यालय, बागडेहरी में आठ अतिरिक्त वर्ग कक्ष के निर्माण कार्य का शिलान्यास विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने विधिवत फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विद्यालयों की स्थापना के बाद से ही आधारभूत संरचनाओं का अभाव रहा है। वर्तमान समय में पठन-पाठन की आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यालयों में पर्याप्त भवन एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि शिक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।उन्होंने कहा कि उनकी विशेष इच्छा है कि राज्य के प्रत्येक उच्च विद्यालय में विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय और आधुनिक पठन-पाठन की सुविधाएं उपलब्ध हों। विद्यालयों में डिजिटल बोर्ड सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था होनी चाहिए। प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान को मजबूत आधारभूत संरचना से लैस करना उनका लक्ष्य है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान सिंहवाहिनी प्लस टू विद्यालय में विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत आदिवासी नृत्य के माध्यम से किया गया। वहीं, बागडेहरी विद्यालय में छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उनका अभिनंदन किया। दोनों विद्यालयों में उन्हें शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष ऑफिसर हेंब्रम, सचिव कुतुबुद्दीन खान, विधायक प्रतिनिधि शरम मंडल, जिला उपाध्यक्ष मनोरंजन सिंह, अतावर खान, अजाउद्दीन खान, डॉक्टर मुर्मू, राजीव मंडल, मुकेश घोष, सिंहवाहिनी विद्यालय के प्रधान शिक्षक मंतोष मंडल, बागडेहरी विद्यालय के प्रधानाध्यापक मिथिलेश कुमार पांडेय सहित अन्य समर्थक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें