कानगोई में घर में घुसकर लूटपाट की कोशिश, विरोध करने पर युवक पर चाकू से हमला
करीब एक दर्जन हमलावरों ने घर में मचाया उत्पात, घायल युवक निजी नर्सिंग होम में भर्ती
मिहिजाम। थाना क्षेत्र के कानगोई स्थित पोल्ट्री फार्म के समीप गुरुवार की देर रात करीब 10 बजे अपराधियों ने एक घर में घुसकर लूटपाट की कोशिश की। इस दौरान करीब एक दर्जन अज्ञात हमलावरों ने घर में मौजूद शिव कुमार पासी के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात अचानक बड़ी संख्या में हमलावर शिव कुमार पासी के घर में घुस आए और सोना-चांदी के आभूषण निकालने की मांग करने लगे। आरोप है कि बदमाशों ने उनकी मां के हाथों में पहने गहने भी उतारने को कहा। इसका विरोध करने पर हमलावरों ने शिव कुमार पासी के साथ मारपीट शुरू कर दी और चाकू से वार कर दिया। हमले में उनके हाथ में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए मिहिजाम के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वारदात की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया।
मामले में मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय है। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे आपसी रंजिश है या कोई अन्य कारण, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।









