महागामा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; पिता ने पति और सास पर लगाया हत्या का आरोप
तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया, मंईयां सम्मान योजना की राशि को लेकर विवाद की भी सामने आई बात
गोड्डा। जिले के महागामा थाना क्षेत्र के मोहानी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार शाम 28 वर्षीय प्रियंका कुमारी का शव उसके घर के एक कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
मृतका अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी समेत तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। मां की अचानक मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, प्रियंका कुमारी की शादी सुनील साव के साथ हुई थी। बुधवार को घटना के समय उसका पति खेत में धान की कटाई करने गया हुआ था, जबकि घर में बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान कमरे में प्रियंका का शव फंदे से लटका मिला। स्थानीय स्तर पर घटना से पहले घर में कपड़ा जलने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
योजना की राशि को लेकर पति-पत्नी में विवाद का आरोप
घटना के बाद मृतका के पिता बिट्टू साव ने अपने दामाद सुनील साव और समधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रियंका और उसके पति के बीच अक्सर घरेलू बातों को लेकर विवाद होता था। पिता के मुताबिक, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता की राशि को लेकर भी दोनों के बीच तनाव था।
उन्होंने आरोप लगाया कि योजना की राशि से सुनील साव ने मोबाइल खरीदा था, जिसको लेकर बुधवार को भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। मृतका के पिता का दावा है कि इसी विवाद के दौरान पति और सास ने उनकी बेटी के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया।
दूसरी शादी की इच्छा को लेकर भी विवाद का दावा
मृतका के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि उनका दामाद दूसरी शादी करना चाहता था। इसी बात को लेकर प्रियंका को अक्सर परेशानियों का सामना करना पड़ता था और पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। हालांकि, पिता की ओर से लगाए गए इन गंभीर आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
तीन बच्चों की जिंदगी हुई प्रभावित
प्रियंका की मौत के बाद उसके तीनों छोटे बच्चों के सामने सबसे बड़ा संकट खड़ा हो गया है। मां की ममता से वंचित हुए बच्चों की हालत देखकर गांव के लोगों की आंखें भी नम हो रही हैं। जिस उम्र में बच्चों को मां के स्नेह और देखभाल की जरूरत है, उस उम्र में उन्हें इस दर्दनाक घटना का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर महागामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में महागामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका के परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है। विवाहिता की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह जांच का विषय है। मृतका के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।









